आपको स्वस्थ नववर्ष की शुभकामनाएँ

प्रिय पाठक

मैं आपको और आपके परिवार को प्रसन्नता, समृद्धि और स्वास्थ्य से भरपूर जीवन हेतु शुभकामनाएँ देता हूँ। मुझे विश्वास है कि आपने नववर्ष के लिए कुछ संकल्प किये होंगे जैसे वजन कम करना, शराब से परहेज करना या सिगरेट छोड़ना आदि और आप स्वस्थ रहना चाहते होंगे। आपके संकल्पों को बनाए रखने में आपकी मदद करना, यह नववर्ष हेतु मेरा संकल्प है। जीवन हेतु आपकी बनाई गई योजना में अनुशासन की कमी, अनियमितता और बुरी आदतें, ये बड़े अवरोध हो सकते हैं। मुझे विश्वास है कि यदि आप नीचे दिये गए और आगे आने वाले तरीकों में से कुछ को न्यायपूर्ण और उचित निष्ठा से अपनाएंगे तो आपको निश्चित ही लाभ होगा।

मैं एक डॉक्टर और पूर्व-AMC हूँ, और सेना से कर्नल के पद से रिटायर हुआ हूँ। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस और एमडी के विद्यार्थियों को पोषण के बारे में शिक्षा देता हूँ। मैंने स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में कुछ अध्ययन किया है और समय के साथ कुछ महत्वपूर्ण जानकारियों का उल्लेख करूंगा।

वास्तव में, स्वास्थ्य क्या है?

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ होने और सामाजिक तथा आर्थिक रूप से उत्पादक जीवन जीने की क्षमता होने की स्थिति ही स्वास्थ्य है। इसे प्राप्त करने के लिए, व्यक्ति की जीवन-शैली स्वस्थ होनी चाहिए। हालाँकि यह मुख्य रूप से मनोवैज्ञानिक और पर्यावरण के कारकों पर निर्भर है, अनुवांशिक प्रभाव भी इस पर कुछ असर करता है। जीवन में परिवर्तन करना कठिन बात है और इसके लिए नियमित प्रयास के साथ बड़ी मात्रा में निष्ठा और समझाइश की आवश्यकता होती है और व्यक्ति अपने व्यवहार में धीरे-धीरे परिवर्तन लाकर सफल हो सकता है। स्वस्थ जीवन-शैली के लिए जरूरी विभिन्न घटक निम्नलिखित हैं:-
  • रोज कसरत करें।
  • तनाव, बेचैनी और चिंता से परहेज करें।
  • उपचार लें।
  • संतुलित भोजन लें।
  • शराब ना लें, यदि लेना ही हो तो अत्यंत कम।
  • धूम्रपान से परहेज करें।
  • नियंत्रित यौन-व्यवहार के साथ प्रेमपूर्ण जीवन।

आसानी से शुरुआत करें

आज मैं व्यायाम के बारे में बात करना पसंद करूंगा। प्रतिदिन दिन में एक बार 40-45 मिनट तक या दो बार 15-20 मिनट तक के लिए कसरत करें जो कि खेल, पैदल चलना, बागवानी, तैराकी, दौड़ लगाना, वजन उठाना आदि के रूप में हो सकती है। पैदल चलना सर्वश्रेष्ठ व्यायाम है। यह ना केवल रोगों के उपचार में मदद करता है बल्कि उनसे बचाव करने में भी मदद करता है; लोग हलके-फुल्के किसी भी खेल से आसानी से जुड़ सकते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को कम-से-कम 200 कैलोरी प्रतिदिन खर्च करना चाहिए। व्यस्त लोग समय की कमी को कुछ तरीके अपनाकर, जैसे ऑफिस जाते समय थोड़ी दूरी पैदल तय करना, कार को पार्किंग में दूरी पर लगाना, सीढ़ियों का प्रयोग करना, रिमोट के उपयोग से परहेज करना आदि के द्वारा, दूर कर सकते हैं। लगातार काम करने के दौरान हर 2-3 घंटों में व्यक्ति 10 मिनट तक पैदल चलने के लिए विराम ले सकता है। तेज गति से पैदल चलना अधिक मात्रा में कैलोरी (300 कैलोरी प्रति घंटा) खर्च करने का बेहतर तरीका है। पैदल चलना कई प्रकार से मददगार होता है:-
  • पैदल चलने से अतिरिक्त चर्बी कम होती है।
  • पैदल चलने से शुगर की बीमारी में शक्कर जलाने में मदद मिलती है।
  • पैदल चलना साँस लेने की प्रणाली में सुधार करता है।
  • पैदल चलना पाचन को सुधारता है।
  • पैदल चलने से बाहरी और भीतरी दर्द में आराम मिलता है।
  • पैदल चलना नींद को बढ़िया बनाता है।
  • पैदल चलना तंत्रिका तंत्र को व्यवस्थित करता है।
  • पैदल चलना मंद रक्तचाप को नियंत्रित करता है।
  • पैदल चलने से तनाव कम होता है।
  • पैदल चलना त्वचा को स्वस्थ रखता है।
  • पैदल चलने से शरीर उचित आकार में रहता है।
  • पैदल चलने से आंत के सिरे के, स्तन और प्रोस्टेट के कैंसर से बचाव होता है।
  • पैदल चलना ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव करता है।
  • पैदल चलना उम्र बढ़ने की गति को धीमा करता है।
  • पैदल चलने से बीटा एंडोर्फिन ओपिएट जैसे रसायन स्रावित होते हैं, जो अच्छा महसूस कराने में मदद करते हैं।

Download our Android app HealthPIE to manage family health